KORBA: देवपहरी के जंगल में भालू ने दो महिलाओं पर किया हमला, दोनों घायल

 

कोरबा 12 अगस्त 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले के वनांचल ग्राम डीडासरई-देवपहरी के जंगल में भालू के हमले से दो महिलाओं के घायल होने की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि जंगल में अचानक भालू ने दोनों महिलाओं पर हमला कर दिया। हमले में मूल्यारो बाई (50 वर्ष) और समारी बाई घायल हुई हैं।

भालू के हमले से दोनों महिलाओं के शरीर के अलग-अलग हिस्सों में चोटें आई हैं। कुछ जगहों पर गहरे घाव हैं, जबकि कुछ चोटें मामूली बताई जा रही हैं। घटना के बाद दोनों घायल महिलाओं को तत्काल शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल, कोरबा लाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उपचार के बाद दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी जुटाने के साथ आसपास के क्षेत्र का जायजा लिया। भालू के हमले की घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में भय का माहौल है।

वन क्षेत्र से लगे गांवों के लोगों को जंगल में जाने के दौरान विशेष सावधानी बरतने और अकेले जंगल की ओर नहीं जाने की सलाह दी जा रही है।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2