कोरबा 03 सितंबर 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। लगातार बढ़ते जलस्तर और भारी पानी की आवक को देखते हुए कोरबा जिले के मिनीमाता हसदेव बांगो बांध से पानी का डिस्चार्ज बढ़ा दिया गया है। रात करीब 12 बजे बांध के गेट खोले गए, जिसके बाद हसदेव नदी में लगातार पानी छोड़ा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार की सुबह 4:30 बजे बांध का जलस्तर 358.77 मीटर और जलभराव 94.65 प्रतिशत दर्ज किया गया। वहीं सुबह 5 बजे बांध के कुल पांच रेडियल गेट खोले गए हैं।
गेट नंबर 4 को 0.70 मीटर, गेट नंबर 5 को 0.80 मीटर, गेट नंबर 6 को 1.00 मीटर, गेट नंबर 7 को 0.80 मीटर और गेट नंबर 8 को 0.70 मीटर तक खोला गया है। सभी खुले गेटों की कुल ओपनिंग 4 मीटर है।
इन गेटों के माध्यम से करीब 22,529 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इसके अलावा पावर प्लांट हाइडल के जरिए करीब 9,000 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया जा रहा है। इस तरह बांध से हसदेव नदी में कुल 31,529 क्यूसेक पानी प्रति सेकंड छोड़ा जा रहा है।
वहीं बांध में पानी की आवक यानी Inflow 51,331 क्यूसेक दर्ज की गई है। लगातार बढ़ती आवक को देखते हुए बाढ़ की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जरूरत पड़ने पर बांध के अन्य गेट भी खोले जा सकते हैं।
प्रशासन और संबंधित विभाग द्वारा बांध के जलस्तर एवं पानी की आवक पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। ऐसे में हसदेव नदी के आसपास रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और नदी के जलस्तर से दूरी बनाए रखने की अपील की जा सकती है।

