कोरबा 2 सितंबर 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत पचपेड़ी गांव में पीडीएस (PDS) सोसाइटी भवन के पास खेत में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव के सिर समेत शरीर के कुछ हिस्सों पर चोट के निशान दिखाई दे रहे हैं। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
जानकारी के अनुसार, खेत में शव पड़े होने की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। शव से आ रही दुर्गंध के आधार पर उसके करीब तीन से चार दिन पुराना होने की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि मृतक स्थानीय व्यक्ति है या किसी अन्य क्षेत्र से आया था, इसकी फिलहाल कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। चेहरे की स्थिति के कारण भी शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी नवीन पटेल के नेतृत्व में पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब मृतक की पहचान के साथ-साथ उसकी मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
शव पर चोट के निशान मिलने से मामला संदिग्ध माना जा रहा है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि व्यक्ति की मौत हत्या के कारण हुई है या फिर यह कोई अन्य घटना है। फिलहाल पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

