तेज बारिश से रविशंकर नगर-पोड़ीबहार मार्ग फिर जलमग्न, घुटनों से ऊपर बहा पानी; स्कूली बच्चे और अभिभावक परेशान

 

कोरबा 29 अगस्त 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। शनिवार सुबह हुई तेज बारिश के बाद शहर के रविशंकर नगर-पोड़ीबहार मार्ग पर एक बार फिर भीषण जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई। पूरी तरह जलमग्न हुए सड़क मार्ग पर नालियों का पानी और बारिश का पानी नदी की तरह बहता नजर आया। घुटनों से ऊपर तक पानी भर जाने के कारण राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

सबसे अधिक परेशानी एसटी विंसेंट पालोटी स्कूल के स्कूली बच्चों और उनके अभिभावकों को हुई। बारिश के दौरान स्कूल से छुट्टी होने के बाद कई अभिभावक अपने बच्चों को लेने पहुंचे, लेकिन सड़क पर तेज बहाव के साथ घुटनों से ऊपर पानी बहने के कारण बच्चों को सुरक्षित घर ले जाना किसी चुनौती से कम नहीं था। कई अभिभावकों को अपनी जान जोखिम में डालकर बच्चों को स्कूल से घर ले गए। जलभराव के कारण सड़क पर आवागमन भी प्रभावित रहा और लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले हुई तेज बारिश के दौरान भी रविशंकर मार्ग दरिया में तब्दील हो गया था। इसके बाद निगम प्रशासन द्वारा जलभराव की समस्या दूर करने के लिए नालियों की सफाई और व्यवस्था दुरुस्त करने की बात कही गई थी। बावजूद इसके शनिवार को हुई बारिश में दोबारा उसी मार्ग पर भारी जलभराव हो गया।

बार-बार जलभराव की समस्या सामने आने से नगर निगम की जल निकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर बारिश में सड़क पर पानी भरने से स्कूली बच्चों, अभिभावकों और राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ती है। लोगों ने निगम प्रशासन से स्थायी जल निकासी व्यवस्था करने की मांग की है।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2