रायपुर 23 सितंबर 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को और मजबूत करने के उद्देश्य से कई राज्यों में प्रदेश प्रभारियों और सह-प्रभारियों की नई नियुक्तियां की हैं। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ भाजपा के संगठनात्मक प्रभार में भी बदलाव किया गया है। पार्टी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ का प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया है। वहीं सिद्धार्थ शंभू को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
भाजपा की ओर से जारी नई संगठनात्मक व्यवस्था में विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए प्रभारी एवं सह-प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ के साथ हरियाणा का प्रभार भी सौंपा गया है।
कई राज्यों में नए प्रभारियों की नियुक्ति
भाजपा के संगठनात्मक फेरबदल के तहत राम माधव को तमिलनाडु और उत्तराखंड का प्रभारी बनाया गया है। वहीं विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी सौंपी गई है। तरुण चुघ को गुजरात का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
इसी तरह सतीश पूनिया को जम्मू-कश्मीर और पंजाब का प्रभार दिया गया है, जबकि अनिल एंटनी को गोवा और नगालैंड की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पार्टी के इस व्यापक संगठनात्मक फेरबदल के तहत नए प्रभारियों को संबंधित राज्यों में संगठन के कामकाज, समन्वय और पार्टी की गतिविधियों को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी दी गई है।


