KORBA: सेप्टिक टैंक में मिला महिला का शव, जांच में खुला हत्या का राज

 

कोरबा 21 सितंबर 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। वनांचल क्षेत्र श्यांग थाना अंतर्गत ग्राम बरपाली में महिला की कथित हत्या कर शव सेप्टिक टैंक में छिपाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। करीब दो वर्षों से लिव-इन पार्टनर के रूप में रह रही 33 वर्षीय संतोषी की मौत के बाद उसका शव घर की बाड़ी में बने सेप्टिक टैंक में छिपाए जाने का आरोप है। रक्षाबंधन पर महिला के मायके नहीं पहुंचने के बाद परिजनों को संदेह हुआ और तलाश के दौरान मामले का खुलासा हुआ।

पुलिस के अनुसार संतोषी करीब दो साल से मनोज उरांव के साथ रह रही थी। बताया जा रहा है कि 27 अगस्त को मनोज नशे की हालत में घर पहुंचा, जिसके बाद किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के दौरान मनोज ने संतोषी के साथ मारपीट की। आसपास के लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत करा दिया। हालांकि, देर शाम दोनों के बीच दोबारा विवाद हुआ और मारपीट की घटना सामने आई।

आरोप है कि दूसरी बार हुई मारपीट के दौरान संतोषी की मौत हो गई। इसके बाद मनोज ने कथित तौर पर शव को घर की बाड़ी में बने सेप्टिक टैंक में डालकर उसका ढक्कन बंद कर दिया।

रक्षाबंधन के दिन भाइयों के घर नहीं पहुंचने से खुला राज 

अगले दिन रक्षाबंधन पर संतोषी के भाइयों ने उसके घर नहीं पहुंचने पर मनोज से संपर्क किया। आरोप है कि मनोज ने संतोषी के एक दिन पहले ही घर से चले जाने की बात कहकर परिजनों को गुमराह किया। कई दिनों तक संतोषी का कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। संदेह बढ़ने पर मामला पुलिस तक पहुंचा।

जांच के दौरान पुलिस ने घर की बाड़ी में बने सेप्टिक टैंक की तलाशी ली, जहां से संतोषी का शव बरामद किया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, आरोपी बताए जा रहे मनोज उरांव की तलाश की जा रही है।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2