सेवा संकल्प अभियान के तहत बृहद स्वास्थ्य शिविर एवं महा रक्तदान का आयोजन

 

कोरबा 23 सितंबर 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवारी बाजार स्थित आदिवासी शक्तिपीठ परिसर में बृहद स्वास्थ्य शिविर एवं महा रक्तदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शिविर में स्वास्थ्य जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श, आयुष स्वास्थ्य मेला, देहदान एवं नेत्रदान के प्रति जागरूकता सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। बड़ी संख्या में नागरिकों ने शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराई और चिकित्सकों से आवश्यक परामर्श लिया।

कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी कोरबा के जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने भी शिविर में सहभागिता करते हुए स्वास्थ्य जांच कराई।

गोपाल मोदी ने कहा- सेवा के साथ स्वास्थ्य जागरूकता भी अभियान का संकल्प

भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में लगातार जनसेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बृहद स्वास्थ्य शिविर एवं महा रक्तदान कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने बताया कि शिविर में एआई आधारित एक्स-रे जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जिससे मरीजों को जांच के माध्यम से आवश्यक जानकारी प्राप्त करने में सहायता मिल रही है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य जांच के साथ लोगों को आयुर्वेद और योग के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है।

महा रक्तदान शिविर का आयोजन भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के सहयोग से किया गया। रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष राम सिंह अग्रवाल ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि रक्तदान से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलती है।

रक्तदान कर अधिकारियों ने दिया सेवा का संदेश

कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर कुणाल दुदावत ने स्वयं रक्तदान किया। नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडे एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन ने भी रक्तदान कर लोगों को प्रेरित किया। अधिकारियों ने नागरिकों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की।

स्वास्थ्य जांच के साथ आयुर्वेद और योग के प्रति किया जागरूक

शिविर में नागरिकों को स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य जांच के साथ आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। शुगर, ब्लड प्रेशर सहित विभिन्न जांच की गईं। इसके अलावा आयुर्वेद, योग एवं अन्य स्वास्थ्य सेवाओं का भी नागरिकों ने लाभ उठाया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, जिला महामंत्री अजय विश्वकर्मा, एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन, योगेश जैन, रुक्मणी नायर, कमला किंडो, नवीन अरोड़ा, प्रीति स्वर्णकार, ज्योति वर्मा, संजय राठौर, नीरज ठाकुर सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।


                 

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2