आत्महत्या से पहले भेजा वीडियो और सुसाइड नोट बने अहम सबूत, बहू व उसके माता-पिता गिरफ्तार, तीनों जेल भेजे गए


कोरबा, 03 सितंबर 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले के संजय नगर क्षेत्र में 27 अगस्त 2026 को लक्ष्मी बाई मानिकपुरी ने अपने घर में पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना की सूचना मिलने पर थाना कोतवाली, कोरबा में मर्ग क्रमांक 66/2026 कायम कर मामले की जांच शुरू की गई।

मर्ग जांच के दौरान घटनास्थल पर दीवार पर मृतिका द्वारा लिखा गया सुसाइड नोट मिला। इसमें मृतिका ने अपनी बहू पूर्णिमा और उसके मायके पक्ष के लोगों पर परेशान करने का आरोप लगाते हुए आत्महत्या का कारण बताया था। पुलिस जांच में दीवार पर लिखे गए इस लेख की पुष्टि मृतिका की लिखावट के रूप में की गई।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आत्महत्या से पहले मृतिका ने अपनी बहनों को एक वीडियो बनाकर भेजा था। पुलिस ने उक्त वीडियो को विधिवत जब्त कर पंचनामा तैयार किया। इसके अलावा मृतिका की बहनों, परिजनों और अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए गए।

पारिवारिक विवाद और प्रताड़ना की बात आई सामने

जांच एवं परिजनों के बयानों में सामने आया कि मृतिका के पति की पूर्व में मृत्यु हो चुकी थी। इसके बाद मृतिका ने दूसरी शादी की थी और वह अपने वर्तमान पति तथा उसके पूर्व के बच्चों के साथ रह रही थी। पारिवारिक परिस्थितियों को लेकर घर में आए दिन विवाद और लड़ाई-झगड़े की स्थिति बनी रहती थी।

परिजनों के अनुसार, मृतिका की बहू पूर्णिमा और उसके मायके पक्ष के लोग अक्सर घर आकर उसे घर से बाहर निकालने के लिए दबाव बनाते थे। इन परिस्थितियों के कारण मृतिका काफी परेशान रहती थी। परिजनों ने पुलिस को यह भी बताया कि मृतिका पूर्व में भी बहू पूर्णिमा और उसके मायके पक्ष के लोगों से परेशान होकर आत्महत्या का प्रयास कर चुकी थी। उसने पूर्व में जहर का सेवन कर जान देने की कोशिश की थी।

साक्ष्यों के आधार पर दर्ज हुआ अपराध

मर्ग जांच के दौरान मिले सुसाइड नोट, आत्महत्या से पहले बहनों को भेजे गए वीडियो, मृतिका की बहनों एवं परिजनों के बयानों तथा अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर प्रथम दृष्टया अपराध घटित होना पाए जाने पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 724/2026 दर्ज किया गया।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 108 एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।

बहू समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस टीम ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए साक्ष्यों एवं जांच में सामने आई जानकारी के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम—

🔹पूर्णिमा महंत, पति संजय दास, उम्र 24 वर्ष, निवासी लक्ष्मण तालाब, कोरबा।

🔹सुमेरन बाई, पति मिलनदास महंत, उम्र 45 वर्ष, निवासी सोहागपुर, थाना उरगा, जिला कोरबा।

🔹मिलन दास, पिता सोनदास, उम्र 55 वर्ष, निवासी सोहागपुर, थाना उरगा, जिला कोरबा।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, मामले में विवेचना जारी है तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2