CG: राजनीतिक पद दिलाने के नाम पर 82.63 लाख की ठगी, महिला गिरफ्तार

 

बिलासपुर 29 सितंबर 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ के न्यायधानी बिलासपुर में राजनीतिक पद और नियुक्ति दिलाने के नाम पर 82.63 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में निखत परवीन शाबरी को गिरफ्तार किया है। वह मनेंद्रगढ़ के खोंगापानी की रहने वाली बताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, श्री विहार निवासी चेतन आनंद दुबे की करीब एक साल पहले फेसबुक के माध्यम से निखत परवीन से पहचान हुई थी। महिला ने कथित तौर पर खुद को एक राष्ट्रीय राजनीतिक पार्टी का बड़ा कार्यकर्ता बताते हुए वरिष्ठ नेताओं से करीबी होने का दावा किया था।

बताया गया है कि आरोपी महिला ने शुरुआत में जमीन विवाद सुलझाने में मदद की, जिससे पीड़ित का उस पर विश्वास बढ़ गया। इसके बाद कथित तौर पर राजनीतिक पार्टी में बड़ा पद और राजनीतिक नियुक्ति दिलाने का झांसा दिया गया। इसके लिए पार्टी फंड और अन्य खर्चों के नाम पर कुल 82.63 लाख रुपये लिए जाने का आरोप है। इसमें करीब 62.63 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए और 20 लाख रुपये नकद दिए जाने की बात सामने आई है।

लंबे समय तक जब पीड़ित को न तो कोई पद मिला और न ही राजनीतिक नियुक्ति हुई, तो उसने अपनी रकम वापस मांगनी शुरू की। आरोप है कि इसी दौरान उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और निखत परवीन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, अब तक की जांच में आरोपी महिला की किसी राजनीतिक पार्टी में आधिकारिक संलिप्तता सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि वह कथित तौर पर ठगी के लिए खुद को राजनीतिक पार्टी से जुड़ा हुआ और बड़े नेताओं के करीब बताती थी।

फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कहीं इस तरीके से अन्य लोगों से भी रकम तो नहीं ली गई।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2