KORBA: विश्व हृदय दिवस पर निःशुल्क आयुर्वेदिक स्वास्थ्य शिविर, 63 मरीज हुए लाभान्वित

 

29 सितंबर 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। विश्व हृदय दिवस के अवसर पर “स्वस्थ भारत, समृद्ध भारत” अभियान के अंतर्गत “चलो आयुर्वेद की ओर मिशन” के तहत आयुष मेडिकल एसोसिएशन, लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, आरोग्य भारती, भारत विकास परिषद एवं विश्व हिंदू परिषद के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर का आयोजन पतंजलि चिकित्सालय एवं श्री शिव औषधालय, दुकान क्रमांक 10-11, महानदी कॉम्प्लेक्स, निहारिका रोड, कोरबा में किया गया। शिविर में हृदय रोगों के साथ-साथ महिला, पुरुष एवं बच्चों के विभिन्न सामान्य, कष्टसाध्य एवं असाध्य रोगों के लिए आयुर्वेदिक, नेचुरोपैथी, पंचकर्म, षटकर्म, योग एवं ग्रह चिकित्सा से संबंधित परामर्श एवं उपचार प्रदान किया गया। इसके साथ ही निःशुल्क ईसीजी जांच एवं सीपीआर थेरेपी (सावित्री आसन) का प्रशिक्षण भी दिया गया। शिविर से कुल 63 मरीज लाभान्वित हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ चिकित्सकों एवं शिविरार्थियों द्वारा भारत माता एवं आयुर्वेद के प्रवर्तक भगवान धन्वंतरि के तैलचित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात संस्थान के प्रमुख चिकित्सक एवं नाड़ी वैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने उपस्थित लोगों को हृदय की नियमित देखभाल, संतुलित जीवनशैली एवं उचित खान-पान के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि हृदय का स्वस्थ रहना संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी को अपने हृदय की विशेष देखभाल करनी चाहिए।

शिविर में 63 मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार प्रदान करने के साथ ही उनकी लाइफस्टाइल एवं डाइट से संबंधित आवश्यक जानकारी दी गई। इस दौरान ईसीजी, ब्लड प्रेशर एवं मधुमेह (शुगर) की जांच निःशुल्क की गई। शिविरार्थियों को ब्लड प्रेशर एवं मधुमेह के नियंत्रण और उपचार के संबंध में आवश्यक परामर्श दिया गया तथा आयोजकों के अनुसार परीक्षित औषधियां एवं अर्जुन टैबलेट भी निःशुल्क प्रदान की गईं।

सडन कार्डियक अरेस्ट की स्थिति में जीवन रक्षा के लिए “सावित्री आसन” एवं “सीपीआर थेरेपी” की जानकारी एवं प्रशिक्षण “चलो आयुर्वेद की ओर मिशन” के सदस्य नेत्र नंदन साहू द्वारा दिया गया। इसके अलावा हृदय स्वास्थ्य के लिए उपयोगी बताए गए अर्जुन क्षीर क्वाथ का निःशुल्क वितरण किया गया तथा हृदय रोगियों के लिए उपयोगी स्वास्थ्य पुस्तिकाएं भी प्रदान की गईं।

शिविर में नाड़ी वैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा, पंचकर्म थेरेपिस्ट पिंकी बरेठ, शैल कुमारी निषाद, लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट के निदेशक लायन शिव जायसवाल, सचिव लायन प्रत्युष सक्सेना एवं कोषाध्यक्ष लायन सुधीर सक्सेना सहित अरुण मानिकपुरी, कमल धारिया, नेत्र नंदन साहू, अश्वनी बुनकर, मनीष कौशिक, कुश गुप्ता, तोरेंद्र सिंह, देवबलि कुंभकार, सिद्धराम शाहनी, अनुराग कंवर, गुनगुन राठिया एवं श्री शिव औषधालय की संचालिका श्रीमती प्रतिभा शर्मा उपस्थित रहे और शिविर के सफल आयोजन में अपना योगदान दिया।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2