कुसमुंडा खदान में दो ट्रेलरों की जोरदार भिड़ंत, एक चालक की मौत, दूसरा गंभीर घायल; मुआवजे की मांग पर प्रदर्शन

 

कोरबा 04 अक्टूबर 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। SECL कुसमुंडा खदान क्षेत्र में रविवार को दो ट्रेलरों के बीच हुई भीषण भिड़ंत में एक चालक की मौत हो गई, जबकि दूसरे वाहन का चालक गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक ट्रेलर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया। काफी मशक्कत के बाद चालक के शव को बाहर निकाला गया।

मृतक की पहचान रेलिया निवासी विश्व प्रसाद बिट्टू के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही खदान क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। घायल चालक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

बताया जा रहा है कि दोनों ट्रेलर नीलकंठ कंपनी के पेटी ठेकेदार पीकेएस कंपनी से जुड़े हुए हैं। हादसे के बाद खदान क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही, सुरक्षा व्यवस्था और कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं। लगातार सामने आ रहे हादसों के बीच खदान क्षेत्र में सुरक्षा मानकों को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।

हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। परिजनों ने मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को रोजगार देने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया, जिसके चलते कुछ देर के लिए खदान परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

सूचना पर कुसमुंडा थाना प्रभारी मृत्युंजय पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत कर स्थिति को संभाला। समझाइश के बाद मामला शांत हुआ। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2