कोरबा 21 अक्टूबर 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। शहर से लगे मानिकपुर चौकी क्षेत्र के मुड़ापार में मंगवार की रात रावण दहन के बाद हुए विवाद में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने पूरी रात सर्च अभियान चलाकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
पुराने पेड़ के पास हुआ विवाद, चाकू से किए ताबड़तोड़ वार
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घटना रात करीब 10:30 बजे मुड़ापार बाजार के पास स्थित रावण दहन मैदान के पीछे बस्ती में हुई। बताया जा रहा है कि वहां एक पुराने पेड़ के पास किसी बात को लेकर युवकों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और एक युवक ने दूसरे युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चाकू से करीब आधा दर्जन वार किए जाने के कारण युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
अस्पताल में इलाज के दौरान नहीं बची जान
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर मानिकपुर पुलिस तत्काल घटनास्थल पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसे बचाया नहीं जा सका। युवक की मौत के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी।
पूरी रात चला सर्च अभियान, तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपियों की तलाश में पूरी रात सर्च अभियान चलाया गया। इस दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
घटनास्थल पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी, कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू और मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर सहित पुलिस स्टाफ जांच में जुटा रहा।
हत्या के पीछे की वजह की जांच जारी
पुलिस घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने के साथ ही मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

