कोरबा 17 अक्टूबर 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। त्योहारों के मद्देनजर शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए कोरबा पुलिस ने सड़क पर बेतरतीब ढंग से ट्रेलर खड़े कर आवागमन बाधित करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। बीते 15 और 16 अक्टूबर को पुलिस ने अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 7 ट्रेलर वाहनों को जब्त किया। मामले में 7 आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 285 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
मानिकपुर और राताखार बाईपास में कार्रवाई
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चौकी मानिकपुर की टीम ने अमरैया पारा-मुड़ापार बाईपास रोड पर कार्रवाई की, जबकि कोतवाली थाना पुलिस ने राताखार बाईपास क्षेत्र में सड़क पर खड़े ट्रेलर वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया। पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहनों को जब्त किया और उनके चालकों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया।
ये 7 ट्रेलर वाहन किए गए जब्त
कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए वाहनों में CG 12 BG 7284, CG 12 AU 7204, CG 12 BG 7282, CG 12 AU 2488, CG 12 BH 1674, CG 12 BJ 0640 और CG 12 BG 7113 शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
पुलिस की कार्रवाई में बलि राम कोर्राम (23), निवासी रामपुर, पसान; रामप्रवेश पासवान (41), निवासी खरौदी, सोनभद्र (उत्तर प्रदेश); गुलाब सिंह गोंड (26), निवासी लालपुर, बांगो; पहलाद यादव (44), निवासी लाटागांव मैहर, जिला मैहर (मध्य प्रदेश); रघुनाथ सिंह (27), निवासी गनियारीकला, गढ़वा (झारखंड); गीता प्रसाद यादव (27) और राजकुमार विश्वकर्मा (22), दोनों निवासी माचा डोली, थाना बांगो, जिला कोरबा को गिरफ्तार किया गया।
त्योहारों में यातायात बाधित करने पर होगी कार्रवाई
कोरबा पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे सड़क किनारे या सार्वजनिक मार्गों पर अनावश्यक रूप से भारी वाहन खड़े करने से बचें। विशेषकर त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों की परेशानी रोकने के लिए निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क पर वाहन खड़ा कर आम आवागमन में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

