धमतरी 25 नवंबर 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में दिनदहाड़े युवती के अपहरण और उसके साथ मारपीट की घटना सामने आई है। स्कूटी से घर लौट रही युवती को बाइक सवार दो युवकों ने रास्ते में रोककर जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश की। विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपियों ने युवती का मुंह दबाया और उसके गाल पर दांत से काटकर घायल कर दिया। परिजनों और ग्रामीणों की सतर्कता के चलते युवती को आरोपियों के चंगुल से सुरक्षित छुड़ा लिया गया। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि दूसरा आरोपी फरार है।
रस्ते में स्कूटी रोककर युवती को बाइक पर बैठाया
पुलिस के अनुसार, 23 नवंबर की सुबह युवती होटल का सामान छोड़कर स्कूटी से घर लौट रही थी। इसी दौरान मेघा क्रिकेट मैदान के पास बाइक सवार मनमोहन साहू और पुष्पेंद्र यादव उसका पीछा करने लगे। ग्राम सेन्हाभाठा प्राथमिक शाला के पास दोनों आरोपियों ने युवती की स्कूटी के सामने बाइक लगाकर रास्ता रोक लिया।
आरोप है कि मुख्य आरोपी मनमोहन साहू ने युवती के साथ बदसलूकी की और उसे जबरन मोटरसाइकिल पर बैठा लिया। युवती ने विरोध करते हुए शोर मचाया तो आरोपी ने उसका मुंह दबा दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए गाल पर काट लिया।
ग्रामीणों की सूझबूझ से बची युवती
आरोपी युवती को परसवानी, भोथीडीह और राजिम के रास्ते बोरसी पुरैना मोड़ की ओर ले जा रहे थे। घटना की जानकारी मिलते ही युवती के परिजनों और ग्रामीणों ने बोरसी पुरैना मोड़ के पास घेराबंदी कर दी। लोगों को एकत्रित होते देखकर मुख्य आरोपी मनमोहन साहू बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों की मदद से युवती को सुरक्षित बचा लिया गया।
एक गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार
पीड़िता की शिकायत पर मगरलोड पुलिस ने मामला दर्ज कर ग्राम गिरौद निवासी पुष्पेंद्र यादव (20) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उसे 7 दिसंबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस फरार मुख्य आरोपी मनमोहन साहू की तलाश कर रही है।

