कोरबा 24 नवंबर 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जंगल में हाथियों को खदेड़ने पहुंचे ग्रामीणों को उस वक्त अपनी जान बचाना मुश्किल हो गया, जब एक हाथी अचानक उग्र होकर ट्रैक्टर पर टूट पड़ा। गुस्साए हाथी ने ट्रैक्टर के अगले हिस्से को अपनी सूंड से जकड़कर जोर-जोर से झकझोर दिया। हाथी के इस हमले में ट्रैक्टर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि उसमें सवार ग्रामीणों ने किसी तरह अपनी जान बचा ली। घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला कोरबा वन मंडल के कुदमुरा वन परिक्षेत्र के जिल्गा परिसर स्थित आमा डुगरु जंगल का है। बताया जा रहा है कि कुछ ग्रामीण ट्रैक्टर लेकर जंगल के भीतर हाथियों को भगाने पहुंचे थे। इस दौरान वे लगातार शोर मचा रहे थे और हाथियों के नजदीक जाने की कोशिश कर रहे थे। इसी बीच एक हाथी अचानक आक्रामक हो गया और सीधे ट्रैक्टर की ओर बढ़ते हुए उस पर हमला कर दिया।
प्रत्यक्ष घटनाक्रम के वीडियो में देखा जा सकता है कि हाथी किस तरह ट्रैक्टर के अगले हिस्से को सूंड से पकड़कर उसे हिलाने लगता है। अचानक हुए इस हमले से ट्रैक्टर में बैठे ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही पलों में स्थिति इतनी खतरनाक हो गई कि ग्रामीणों की जान पर बन आई। बताया जा रहा है कि क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर जागर सिंह राठिया का है।
11 हाथियों का दल कर रहा विचरण, नन्हा शावक भी शामिल
जानकारी के मुताबिक, संबंधित जंगल क्षेत्र में इन दिनों 11 हाथियों का दल मौजूद है। इस दल में एक छोटा शावक भी शामिल है। वहीं वन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, कोरबा जिले में फिलहाल कुल 18 हाथी अलग-अलग समूहों में विचरण कर रहे हैं।
विशेषज्ञों के मुताबिक, हाथियों के करीब जाना, उन्हें घेरना या शोर मचाकर भगाने का प्रयास करना बेहद जोखिम भरा हो सकता है। खासकर जब झुंड में छोटा बच्चा मौजूद हो, तब हाथियों के आक्रामक होने की आशंका बढ़ जाती है।
इस घटना ने एक बार फिर मानव-हाथी संघर्ष के खतरे को उजागर कर दिया है। ग्रामीणों द्वारा खुद से हाथियों को भगाने की कोशिश कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। इस बार ट्रैक्टर क्षतिग्रस्त हुआ और सभी ग्रामीण सुरक्षित बच गए, लेकिन ऐसी लापरवाही भविष्य में जानलेवा साबित हो सकती है।


