कोरबा 25 नवंबर 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले में 9 वर्षीय नाबालिग बालिका के साथ लैंगिक अपराध और प्रताड़ना का गंभीर मामला सामने आया है। मामले में पीड़िता की मां की शिकायत पर सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित भारतीय न्याय संहिता और किशोर न्याय अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, महिला ने अपनी 9 वर्षीय बेटी के साथ लैंगिक अपराध एवं प्रताड़ना किए जाने की शिकायत थाना सिविल लाइन रामपुर में दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 991/2026 के तहत संतोष दास महंत (36 वर्ष), निवासी अटल आवास खरमोरा, वार्ड क्रमांक 23, कोरबा के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बिना देरी किए विवेचना प्रारंभ की। इस दौरान पीड़िता और उसकी मां के बयान दर्ज किए गए। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल, कोरबा में कराया। इसके अलावा साक्ष्य जुटाने के लिए सीन ऑफ क्राइम मोबाइल यूनिट की भी मदद ली गई। संबंधित गवाहों के बयान भी दर्ज किए गए।
जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी संतोष दास महंत को 25 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया और गिरफ्तारी की सूचना उसके परिजनों को दी गई। इसके बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 296, 115(2), 351(3), पॉक्सो एक्ट की धारा 8 एवं 10 तथा किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम 2015 की धारा 75 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
बच्चों के खिलाफ अपराध की सूचना पुलिस को दें
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि बच्चों के साथ किसी भी प्रकार के शोषण, अपराध या प्रताड़ना की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। साथ ही ऐसे मामलों में पीड़ित बच्चों की पहचान और गोपनीयता बनाए रखने में सहयोग करें।

