रायगढ़ पुलिस का बड़ा खुलासा: ठुसेकेला हत्याकांड में पड़ोसी निकला कातिल


 



रायगढ़, 14 सितम्बर 2025 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। खरसिया थाना क्षेत्र के ठुसेकेला गांव में राजमिस्त्री बुधराम उरांव और उसके पूरे परिवार की हुई सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने महज़ 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि हत्या का कारण चरित्र शंका और पुराना विवाद था। वारदात को अंजाम देने वाला कोई और नहीं बल्कि मृतक का पड़ोसी लकेश्वर पटैल निकला। आरोपी ने नाबालिग साथी के साथ मिलकर चारों की बेरहमी से हत्या की और शवों को घर के आंगन में बने खाद के गड्ढे में छिपा दिया था।


कैसे हुआ खुलासा:


11 सितंबर को ग्रामीणों ने खरसिया पुलिस को सूचना दी कि बुधराम उरांव का घर अंदर से बंद है और खून के धब्बे नजर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल, एडिशनल एसपी आकाश मरकाम, डीएसपी अनिल विश्वकर्मा और कई थानों की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। तलाशी के दौरान बुधराम, उसकी पत्नी सहोद्रा, बेटे अरविंद (12) और बेटी शिवांगी (5) के शव खाद के गड्ढे से बरामद हुए। मामले को गंभीरता से लेते हुए आईजी डॉ. संजीव शुक्ला ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस की कई विशेष टीमें गठित कर जांच शुरू की गई।


रंजिश, चरित्र शंका और हत्या की साजिश:


जांच के दौरान शक की सुई पड़ोसी लकेश्वर पटैल पर गई। सबूतों के आधार पर पूछताछ में उसने जुर्म कबूल लिया। आरोपी ने बताया कि वह मृतक बुधराम से जमीन खरीदना चाहता था लेकिन इंकार मिलने पर उसने रंजिश पाल ली थी। इसके अलावा वह बुधराम के चरित्र पर भी शक करता था।

9 सितंबर की रात उसने अपने नाबालिग साथी के साथ मिलकर नशे में धुत बुधराम, उसकी पत्नी और दोनों बच्चों की धारदार हथियार से हत्या कर दी। पहले शवों को घर में दफनाने की कोशिश की गई लेकिन असफल होने पर उन्हें खाद के गड्ढे में छिपा दिया गया।


 सबूतों के साथ गिरफ्तारी:


पुलिस ने घटनास्थल पर री-क्रिएशन कराया और आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल हथियार, कपड़े, फावड़ा और अन्य सबूत जब्त किए। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


टीम का सराहनीय योगदान:


आईजी डॉ. संजीव शुक्ला और एसपी दिव्यांग पटेल के नेतृत्व में एडिशनल एसपी आकाश मरकाम, एसडीओपी प्रभात पटेल, डीएसपी अनिल विश्वकर्मा सहित खरसिया, छाल, पूंजीपथरा, कोतरारोड़, जोबी थाने की टीम, एफएसएल, बीडीएस, डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स ने महज़ 48 घंटे में सनसनीखेज हत्या का राजफाश कर दिया।


गिरफ्तार आरोपी:


1. लकेश्वर पटैल (32 वर्ष), ठुसेकेला निवासी

2. विधि के साथ संघर्षरत बालक

आरोपी का आपराधिक इतिहास: लकेश्वर पूर्व में भी हत्या के मामले में सजा काट चुका है।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2