कोरबा 25 अगस्त 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले से लगभग 35 किलोमीटर दूर देवपहरी जलप्रपात में सोमवार शाम अचानक जलस्तर बढ़ने से नदी के बीच टापू पर फंसे तीन युवकों को करीब 15 घंटे बाद मंगलवार सुबह लगभग 8 बजे पुलिस और एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू के बाद तीनों युवकों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम रील बनाने के चक्कर में धनेश्वर सारथी, घनश्याम महंत और सूरज सारथी जलप्रपात के मध्य पहुंच गए थे। इसी दौरान अचानक पानी का बहाव बढ़ गया, जिससे तीनों युवक नदी के बीच सुरक्षित स्थान पर फंस गए। रात में अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू अभियान चलाना संभव नहीं हो सका। तीनों ने पूरी रात झरने के बीच सुरक्षित स्थान पर रहकर बिताई।
मंगलवार सुबह पानी का बहाव कुछ कम होने के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
प्रशासन की अपील बारिश के मौसम में नदी-नालों और जलप्रपातों में अचानक जलस्तर बढ़ने तथा तेज बहाव का खतरा बना रहता है। प्रशासन लगातार लोगों से अपील कर रहा है कि बारिश के दौरान उफनती नदियों, नालों और वाटरफॉल के आसपास जाने से बचें और अपनी जान जोखिम में न डालें।


