NHM कर्मचारियों ने हड़ताल खत्म की, सीएम साय ने कर्मचारियों के फैसले का किया स्वागत

 




रायपुर, 20 सितम्बर 2025 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात की। संघ ने अपनी प्रमुख मांगों के पूरा होने पर आभार जताते हुए सीएम को सूचित किया कि हड़ताल वापस लेने का फैसला किया गया है। अब शनिवार से प्रदेशभर में एनएचएम कर्मचारी काम पर लौटेंगे।


मुख्यमंत्री साय ने कर्मचारियों के इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि यह कदम राज्यहित में है और इससे स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत होंगी। उन्होंने कहा, “छत्तीसगढ़ सरकार हर कर्मचारी को परिवार का हिस्सा मानती है। उनकी जायज़ मांगों के प्रति सरकार हमेशा संवेदनशील रही है। जनता का स्वास्थ्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और सरकार लगातार इस दिशा में ठोस पहल करती रही है।”


सरकार ने एनएचएम कर्मचारियों की 10 सूत्रीय मांगों में से 4 को पूरा कर दिया है, जबकि 3 मांगों पर समिति गठित कर कार्यवाही शुरू की गई है। संविलयन, पब्लिक हेल्थ केडर और आरक्षण संबंधी मांगों पर फैसला केंद्र सरकार को लेना है।


स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भी मुख्यमंत्री की पहल पर हड़ताल समाप्त होने को सकारात्मक बताया और कर्मचारियों का धन्यवाद किया। इस मौके पर विधायक किरण देव और कर्मचारी संघ के डॉ. अमित मिरी, डॉ. रविशंकर दीक्षित सहित कई सदस्य मौजूद रहे।