KORBA: धान न बिकने और टोकन न मिलने से हताश किसान ने खाया जहर, हालत गंभीर

 


कोरबा 12 जनवरी 2026 (नवचेतना न्यूज छत्तीसगढ़)। जिले में धान खरीदी व्यवस्था की बदहाली एक बार फिर सामने आई है। धान नहीं बिक पाने से मानसिक रूप से परेशान एक किसान ने अपनी जीवनलीला समाप्त करने की नीयत से जहर का सेवन कर लिया। परिजनों ने उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही कोरबा प्रवास पर रहीं सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत अस्पताल पहुंचीं और किसान का हालचाल जाना।

पीड़ित किसान सुमेर सिंह, ग्राम पुटा (हरदीबाजार) निवासी है, जो पिछले एक महीने से अपना धान बेचने के लिए भटक रहा था। न तो उसका धान खरीदा जा रहा था और न ही उसे टोकन मिल पा रहा था। बताया जा रहा है कि फड़ प्रभारी द्वारा उसे रोज़ “आज-कल” कहकर टाल दिया जा रहा था। किसान ने जनदर्शन में भी अपनी पीड़ा रखी, लेकिन वहां से भी कोई समाधान नहीं मिला। निराशा और बेबसी में घिरे किसान ने यह कदम उठा लिया, जिसने धान खरीदी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।