कोरबा 15 जनवरी 2026 (नवचेतना न्यूज छत्तीसगढ़)। जिले के चचिया धान खरीदी केंद्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब अचानक एक विशालकाय हाथी परिसर में आ धमका। रोजमर्रा के काम में जुटे कर्मचारी हाथी को देखते ही घबरा गए और पूरे केंद्र में अफरा-तफरी मच गई।
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए कर्मचारियों ने साहस और सूझबूझ का परिचय दिया। उन्होंने शोर मचाकर और आपसी तालमेल से हाथी को केंद्र से दूर भगाने की कोशिश की, ताकि धान और लोगों की जान सुरक्षित रह सके। कुछ देर तक हाथी केंद्र के आसपास मंडराता रहा, जिससे किसी अनहोनी की आशंका बनी रही। अगर हाथी आक्रामक हो जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
सौभाग्य से इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन डर का साया लंबे समय तक बना रहा। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यह कोई नई बात नहीं है। इससे पहले भी कई बार हाथी इस केंद्र में पहुंच चुके हैं, धान खाकर वापस जंगल की ओर लौट जाते हैं।
लगातार हो रही इस तरह की घटनाओं से कर्मचारी और किसान हमेशा भय के माहौल में काम करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से मांग की है कि धान खरीदी केंद्र की सुरक्षा के लिए पुख्ता व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।
