जांजगीर-चांपा: बैंक से निकाले 40 हजार रुपये उड़ाने वाले गिरोह का पर्दाफाश, एक आरोपी व नाबालिग गिरफ्तार

 

जांजगीर-चांपा 23 फरवरी 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले के जैजैपुर थाना क्षेत्र में बैंक से पैसे निकालकर घर लौट रहे व्यक्ति से उठाईगिरी करने वाले आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से नकदी और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।

पेट्रोल पंप पर दिया वारदात को अंजाम

पुलिस के अनुसार प्रार्थी बुधेस्वर देवांगन निवासी ग्राम ओडेकेरा ने 18 फरवरी 2026 को जैजैपुर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि वह सहकारी बैंक जैजैपुर से धान बिक्री की राशि 40,000 रुपये निकालकर टीवीएस लूना से घर लौट रहा था।

रुपये एक थैले में रखकर उसने लूना के हैंडल में लटका दिए थे। रास्ते में पेट्रोल पंप पर वाहन खड़ा कर वह बोतल में पेट्रोल लेने गया। इसी दौरान दो अज्ञात युवक मोटरसाइकिल से उसका पीछा करते हुए पहुंचे और हैंडल में लटका पैसों से भरा थैला लेकर फरार हो गए।

रिपोर्ट पर थाना जैजैपुर में अपराध क्रमांक 62/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

तकनीकी साक्ष्यों से मिली सफलता

पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और एसडीओपी सक्ती भुवनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में थाना जैजैपुर पुलिस व साइबर टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की।

जांच के दौरान दीपक प्रधान (27 वर्ष) निवासी दोषमनिया थाना कॉलिंगनगर जिला जाजपुर (उड़ीसा), हाल मुकाम भीमखोज जिला महासमुंद तथा उसके एक नाबालिग साथी को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया।

पूछताछ में कबूल किया जुर्म

पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी विजय व एक अन्य नाबालिग के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों के पास से उठाईगिरी की रकम में से 30,000 रुपये तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर जप्त की गई।

पुलिस ने दीपक प्रधान और विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है।

टीम का विशेष योगदान

कार्रवाई में साइबर प्रभारी निरीक्षक अमित सिंह, थाना प्रभारी उप निरीक्षक जी.एस. राजपूत, एएसआई आर.एस. राठौर, प्रधान आरक्षक प्रेम सिदार तथा आरक्षक अलेक्सियुस मिंज, गोपाल साहू, जय प्रकाश उरांव, संतोष मानिकपुरी और दिनेश पटेल की अहम भूमिका रही।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2