कोरबा 21 फरवरी 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित सीतामणी वैष्णो दरबार बस्ती में घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पति ने अपनी पत्नी, मां और बहन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पत्नी की इलाज के दौरान 7 दिन बाद मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायलों का उपचार जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी रामेश्वर साहू ने अपनी पत्नी सुकृता साहू पर घर के कमरे के अंदर चापड़ से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सुकृता की चीख-पुकार सुनकर उसकी मां सावन साहू और बहन निर्मला साहू बचाने पहुंचीं तो आरोपी ने उन पर भी धारदार हथियार से वार कर दिया।
घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल डायल-112 और कोतवाली पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया।
इलाज के दौरान गंभीर रूप से घायल सुकृता साहू ने 6 दिन बाद दम तोड़ दिया। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रामेश्वर साहू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चरित्र शंका को लेकर विवाद चल रहा था। इससे पहले भी पत्नी की शिकायत पर लगभग एक वर्ष पूर्व आरोपी को जेल भेजा जा चुका है।

