कोरबा 12 फरवरी 2026 (नवचेतना न्यूज छत्तीसगढ़)। पाली थाना क्षेत्र के ग्राम पोलमी में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर बेरहमी से हमला करने का मामला सामने आया है। मारपीट की घटना का बदला लेने के लिए पिता ने अपने दो बेटों के साथ मिलकर युवक पर हमला कर दिया। आरोपियों ने न केवल मारपीट की बल्कि युवक के सिर पर ब्लेड से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
प्रार्थी सुभाष श्याम (27 वर्ष), पिता कैलाश श्याम, निवासी ग्राम पोलमी, थाना पाली, रोजी-मजदूरी का कार्य करता है। उसने पुलिस को बताया कि 9 फरवरी की शाम करीब 7 बजे उसका भाई विरेन्द्र श्याम अपने दोस्त अनिल कुमार के साथ प्राइमरी स्कूल की ओर से अपने घर बीचपारा, पोलमी लौट रहा था।
इसी दौरान गांव के ही आकाश डिक्सेना, आशीष डिक्सेना और उनके पिता हरी डिक्सेना वहां पहुंचे। आरोप है कि हरी डिक्सेना ने गाली-गलौच करते हुए कहा कि तुम लोगों ने मेरे बेटे आकाश के साथ मारपीट की है। इसके बाद तीनों ने मिलकर विरेन्द्र श्याम पर हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि आकाश डिक्सेना ने सेविंग ब्लेड से विरेन्द्र के सिर पर वार किया, जिससे उसका सिर गहराई तक फट गया। वहीं आशीष और हरी डिक्सेना ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की। हमले में विरेन्द्र को सिर, गले और पेट में गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल उसका इलाज सीएचसी पाली अस्पताल में जारी है।
घायल के भाई सुभाष श्याम की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी आकाश डिक्सेना, आशीष डिक्सेना और हरी डिक्सेना के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

