KORBA BREAKING: भारतमाला सड़क पर दर्दनाक हादसा, कांग्रेस नेता सहित दो की मौत, दो गंभीर घायल

 


कोरबा 06 फरवरी 2026 (नवचेतना न्यूज छत्तीसगढ़)। निर्माणाधीन भारतमाला सड़क पर गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में कांग्रेस के युवा नेता सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र में उस समय हुआ, जब बिलासपुर से बालको आ रही एक कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी और पलटते हुए तीन बार उलट गई।

उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि एनएसयूआई के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक एवं वर्तमान युवा कांग्रेस नेता राहुल राय (निवासी किरारी, मस्तूरी) गुरुवार रात बालको में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। कार में उनके साथ जोंधरा निवासी ऑटोमोबाइल एजेंसी संचालक ढालू अग्रवाल, मस्तूरी कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष भोला साहू तथा राहुल नामक युवक सवार थे।

चारों लोग रात करीब साढ़े नौ बजे उरगा पहुंचे। कोरबा शहर में प्रवेश के दौरान निर्माणाधीन भारतमाला सड़क पर मार्ग संकेतकों की कमी के कारण चालक रास्ता भटक गया और कार खाईनुमा अधूरी लेन में उतर गई। लेन में उतरते ही वाहन असंतुलित हो गया और गहरी खाई में गिरते हुए तीन बार पलट गई।

हादसा इतना भीषण था कि राहुल राय और ढालू अग्रवाल को सिर और सीने में गंभीर चोटें आईं, जिससे दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं भोला साहू और राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए।

पीछे से आ रहे उनके साथियों ने तत्काल दोनों घायलों को कोरबा स्थित अपोलो अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार मृतकों के शवों को केजीएन अस्पताल में सुरक्षित रखा गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

प्रारंभिक जांच में निर्माणाधीन सड़क पर पर्याप्त संकेतक, बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था के अभाव की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में शोक की लहर है।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2