कोरबा में राशन वितरण ठप, पीडीएस संचालकों और गोदाम कर्मियों में जमकर विवाद

 

कोरबा 25 फरवरी 2026 (नवचेतना न्यूज छत्तीसगढ़)। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) से जुड़े दुकान संचालकों ने खाद्यान्न आपूर्ति बाधित होने पर बुधवार को एफसीआई गोदाम परिसर में जमकर हंगामा किया। संचालकों का आरोप है कि शहरी क्षेत्र के लिए निर्धारित राशन ग्रामीण क्षेत्रों में भेजा जा रहा है, जिससे शहर में कार्डधारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार बड़ी संख्या में पीडीएस संचालक एफसीआई गोदाम पहुंचे और जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब मांगने लगे। पहले बातचीत हुई, लेकिन जल्द ही बहस तीखी नोकझोंक में बदल गई। स्थिति मारपीट तक पहुंचती उससे पहले मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया।

शहरी क्षेत्र में राशन संकट

पीडीएस संचालकों का कहना है कि परिवहन व्यवस्था में बदलाव के बाद शहर में खाद्यान्न की आपूर्ति लगभग ठप हो गई है। इसके कारण राशन दुकानों पर रोजाना विवाद की स्थिति बन रही है।

पीडीएस संघ के अध्यक्ष विनोद अग्रवाल ने बताया कि

खाद्यान्न नहीं मिलने से दुकानों का संचालन मुश्किल हो गया है। कार्डधारी नाराज होकर हम पर ही गुस्सा उतारते हैं।

संघ के संरक्षक रामकुमार सिंह ने कहा कि

भंडारण व्यवस्था शून्य हो चुकी है। गरीब परिवारों के घरों में चूल्हा नहीं जल रहा और आरोप दुकानदारों पर लगाए जा रहे हैं।

अधिकारियों ने कहा – सुधार के प्रयास जारी

मामले में एफसीआई के एक अधिकारी ने बताया कि व्यवस्था को दुरुस्त करने की कोशिश की जा रही है और जल्द ही आपूर्ति सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं। हालांकि स्थानीय स्तर पर दबी जुबान में यह भी चर्चा है कि पूरे मामले में आर्थिक गड़बड़ी और मिलर्स की भूमिका की जांच होनी चाहिए।

अब निगाहें शासन पर

लगातार बिगड़ती स्थिति से शहर के हजारों राशन कार्डधारी प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में सभी की नजरें अब प्रशासन और शासन के हस्तक्षेप पर टिकी हैं कि आखिर कब तक संकट का समाधान निकलता है।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2