अपनी मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं की दो दिवसीय हड़ताल

 

कोरबा 26 फरवरी 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले भर की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं संयुक्त मंच छत्तीसगढ़ के बैनर तले अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर दो दिवसीय काम-बंद हड़ताल पर चली गई हैं। हड़ताल के दौरान कार्यकर्ता-सहायिकाओं ने शहर के आईटीआई चौक पर एकत्रित होकर संयुक्त रूप से धरना-प्रदर्शन किया।

धरना स्थल पर मौजूद संघ पदाधिकारियों ने बताया कि वे पिछले कई वर्षों से सेवाएं दे रही हैं, लेकिन सरकार द्वारा दिए जा रहे मानदेय से उनका जीवन-यापन मुश्किल हो गया है। उनका कहना है कि महंगाई लगातार बढ़ रही है, जबकि मानदेय में अपेक्षित वृद्धि नहीं होने से परिवार चलाना कठिन हो रहा है।

मुख्य मांगें

संयुक्त मंच की ओर से राज्य सरकार के सामने प्रमुख मांगें रखी गई हैं —

• आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं का नियमितीकरण

• न्यूनतम वेतन लागू किया जाए

• सुरक्षा बीमा की सुविधा प्रदान की जाए

• सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन योजना का लाभ दिया जाए

संघ सदस्यों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर सरकार द्वारा शीघ्र सकारात्मक पहल नहीं की गई, तो आगामी दिनों में प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर विधानसभा घेराव किया जाएगा। धरना प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर अपनी मांगों को जोर-शोर से उठाया और सरकार से जल्द समाधान की मांग की।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2