रायपुर में भीषण सड़क हादसा: धान से लदा ट्रक कार पर पलटा, एक की मौत, चार गंभीर

 

रायपुर 22 फरवरी 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। रविवार देर रात राजधानी के विधानसभा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। डीपीएस स्कूल के पास धान से लदा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर कार के ऊपर पलट गया। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

पट्टा टूटने से हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक और कार दोनों बलौदाबाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान चलती ट्रक का पट्टा (हुक/लॉकिंग सिस्टम) अचानक टूट गया, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा और ट्रक बगल से गुजर रही कार पर जा गिरा।

फंसे लोगों को निकालने में मशक्कत

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और क्रेन की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया और काफी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला गया।

चालक हिरासत में

डॉक्टरों ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया, जबकि चार अन्य को गंभीर हालत में अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2