प्रेम संबंध में युवक को जिंदा जलाने की कोशिश, तालाब में कूदकर बचाया जान

 


कोरबा 16 फरवरी 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। प्रेम संबंध को लेकर सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जहां युवक पर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश की गई। गंभीर रूप से झुलसे युवक को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक पीड़ित युवक कोरबा जिले के कनकी क्षेत्र का निवासी है। युवक के अनुसार उसकी प्रेमिका ने उसे फोन कर गांव के मेले में मिलने के बहाने जांजगीर - चांपा जिले के कटओथ गांव बुलाया था। बुलावे पर वह गांव पहुंचा।

बताया जा रहा है कि वहां पहुंचते ही युवती के भाई ने उसे रोक लिया। दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपी ने युवक पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। अचानक हुए हमले में युवक आग की लपटों में घिर गया, लेकिन उसने हिम्मत दिखाते हुए पास के तालाब में कूदकर अपनी जान बचा ली। आसपास मौजूद लोगों की मदद से उसे बाहर निकाला गया।

घटना के बाद गंभीर हालत में युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार युवक के शरीर के कई हिस्से झुलस गए हैं और उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

अस्पताल चौकी पुलिस ने पीड़ित का बयान दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच के बाद आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2