KORBA: 15 फीट ऊंचे छप्पर में छिपा विशाल अजगर, घंटों की मशक्कत के बाद सुरक्षित रेस्क्यू



0 जन-सुरक्षा और बेजुबान जीवों की रक्षा के लिए हर खतरे से निपटने को तत्पर – जितेंद्र सारथी

कोरबा 24 फरवरी 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। करतला क्षेत्र के ग्राम बागबुड़ा में उस समय हड़कंप मच गया जब एक ग्रामीण के कच्चे मकान के छप्पर में विशालकाय अजगर चढ़कर बैठा दिखाई दिया। घरवालों की नजर पड़ते ही वे हैरान रह गए कि इतनी ऊंचाई पर आखिर अजगर पहुंचा कैसे। काफी प्रयास के बावजूद जब वह नीचे नहीं उतरा तो ग्रामीणों ने जिला रेस्क्यू टीम प्रमुख जितेंद्र सारथी को सूचना दी।

सूचना मिलते ही सारथी ने मौके पर पहुंचने तक लोगों को सतर्क रहने और दूरी बनाए रखने की सलाह दी। कुछ समय बाद वे अपनी टीम के सदस्य भूपेंद्र जगत के साथ गांव पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से करीब 15 फीट ऊंचे छप्पर पर चढ़कर खपरे हटाए गए और बेहद सावधानी के साथ ऑपरेशन शुरू किया गया।

करीब घंटेभर की मशक्कत के बाद लगभग 8 फीट लंबे अजगर को सुरक्षित नीचे उतारा गया और विशेष थैले में रखा गया। इसके बाद गांव वालों ने राहत की सांस ली। रेस्क्यू टीम ने अजगर को उसके प्राकृतिक आवास जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया।

रेस्क्यू प्रमुख जितेंद्र सारथी ने बताया कि यह ऑपरेशन बेहद जोखिम भरा था और थोड़ी सी चूक बड़ा हादसा बन सकती थी। उन्होंने कहा, “परिवार की सुरक्षा और बेजुबान जीवों की रक्षा के लिए हम हर खतरे से निपटने को तैयार रहते हैं। ऐसी स्थिति में घबराएं नहीं, तुरंत हेल्पलाइन नंबर 8817534455 पर सूचना दें।”

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2