कोरबा 17 फरवरी 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले के दर्री थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सोमवार दोपहर अचानक गायब हुए करीब 2 वर्षीय बच्चे का शव मंगलवार सुबह घर की बाड़ी में बने गोबर गैस चेंबर से बरामद हुआ। घटना के बाद पूरे परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव का माहौल गमगीन हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम बरेड़ीमुड़ा निवासी लक्ष्मी नारायण कंवर और उनकी पत्नी रोजी मजदूरी के लिए तमिलनाडु गए हुए हैं। उनका छोटा बेटा गांव में दादा प्रमोद कंवर और बुआ रिंकी के साथ रह रहा था।
बताया जा रहा है कि रविवार को दोपहर करीब 2 बजे बच्चा घर के आसपास खेलते-खेलते अचानक नजरों से ओझल हो गया। उस समय बुआ अपने काम में व्यस्त थी और दादा बाड़ी में नहा रहे थे। नहाकर लौटने के बाद जब उन्होंने पोते को खाना खिलाने के लिए आवाज दी तो वह कहीं दिखाई नहीं दिया। इसके बाद घर-आंगन, पड़ोस और आसपास के इलाकों में काफी देर तक तलाश की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। अंततः दर्री थाना में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
मंगलवार सुबह भी परिजन और ग्रामीण बच्चे की खोज में जुटे थे। इसी दौरान आशंका के आधार पर घर की बाड़ी में बने गोबर गैस चेंबर में झांककर देखा गया तो अंदर बच्चे का शरीर दिखाई दिया। आनन-फानन में उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। संकरे चेंबर में गिरने से मासूम की मौत हो गई।
मृत बच्चे को गोद में उठाकर दादा बिलखते रहे, वहीं बुआ का भी रो-रोकर बुरा हाल था। घटना की सूचना माता-पिता को दे दी गई है, जो तमिलनाडु से कोरबा के लिए रवाना हो चुके हैं। ग्रामीण परिजनों को सांत्वना दे रहे हैं। पुलिस मौके पर पहुंचकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।


