KORBA: शासकीय जमीन पर अवैध कब्जे की कोशिश, नगर निगम ने जारी किया नोटिस

 


कोरबा 12 फरवरी 2026 (नवचेतना न्यूज छत्तीसगढ़)। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 28 स्थित हेलीपैड नर्सरी में शासकीय भूमि पर रातोंरात पक्का निर्माण किए जाने का मामला सामने आया है। एक कमरेनुमा प्लॉट तैयार कर उसकी दीवारें खड़ी की जा रही थीं। नगर निगम की नजर पड़ते ही निर्माण कार्य पर रोक लगाते हुए अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ नोटिस जारी किया गया है।

रवि शंकर जोन कार्यालय द्वारा 7 तारीख को जारी नोटिस में स्पष्ट कहा गया है कि शासकीय भूमि पर कब्जा करना नियम विरुद्ध है और संबंधित व्यक्ति तत्काल निर्माण कार्य बंद करे। फिलहाल स्थल पर निर्माण सामग्री और अधूरी खड़ी दीवारें मौजूद हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि मौका मिलते ही कब्जाधारी दोबारा निर्माण शुरू कर सकता है।

सामाजिक भवन के पास हो रहा था निर्माण

जानकारी के अनुसार जिस स्थान पर अवैध निर्माण किया जा रहा था, उसके समीप ही एक सामाजिक भवन स्थित है, जिसका उद्घाटन स्थानीय जनप्रतिनिधि द्वारा किया गया था। बताया जा रहा है कि निर्माण कार्य रात के अंधेरे में किया गया, ताकि प्रशासन या स्थानीय लोगों को इसकी भनक न लगे।

पहले भी हो चुकी है शिकायत

हेलीपैड नर्सरी में अवैध कब्जे को लेकर वार्ड पार्षद कई बार नगर निगम से शिकायत कर चुके हैं। कुछ वर्ष पूर्व ग्रीन जोन में हुए अवैध कब्जों पर निगम ने कार्रवाई भी की थी, लेकिन अब एक बार फिर कब्जे की कोशिशें सामने आने लगी हैं।

ऑक्सीजन जोन’ पर मंडरा रहा खतरा

स्थानीय निवासियों का कहना है कि शहर के बीचों-बीच स्थित यह हेलीपैड नर्सरी लोगों के लिए ऑक्सीजन जोन के समान है। यहां सुबह-शाम बड़ी संख्या में लोग टहलने और व्यायाम के लिए आते हैं। लगातार बढ़ रही कब्जे की कोशिशों से हरे-भरे क्षेत्र के अस्तित्व पर संकट खड़ा होता नजर आ रहा है।

पेड़ों पर लगे प्रस्तावित जमीन के पोस्टर

हेलीपैड नर्सरी के सड़क किनारे कई पेड़ों पर जमीन को “प्रस्तावित” बताने वाले बैनर-पोस्टर भी लगाए गए हैं, जिससे अवैध गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की आशंका जताई जा रही है।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2