KORBA: चलती ट्रेलर में लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई जान — समय रहते आग पर काबू

 

कोरबा 23 फरवरी 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। शहर में रविवार को एक बड़ा हादसा टल गया जब कोयला परिवहन कर रही एक ट्रेलर में अचानक आग लग गई। ट्रेलर स्टेडियम मार्ग से होते हुए अशोक वाटिका के सामने से सीएसईबी चौक की ओर बढ़ रही थी, तभी अचानक उसके इंजन से धुआं निकलने लगा और देखते-ही-देखते आग भड़क उठी।

आग लगते ही चालक ने सतर्कता दिखाते हुए ट्रेलर से कूदकर अपनी जान बचा ली। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और ट्रेलर में भरे कोयले के साथ-साथ उसे ढकने में इस्तेमाल तिरपाल को भी अपनी चपेट में ले लिया। सड़क पर जलते वाहन को देखकर आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान सीएसईबी पुलिस सहायता केंद्र प्रभारी एएसआई भीमसेन यादव सहित पुलिस स्टाफ ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था संभाली और भीड़ को नियंत्रित किया।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार ट्रेलर के इंजन में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी। घटना के कारण कुछ समय के लिए क्षेत्र में यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2