कोरबा 26 फरवरी 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। शहर के टीपी नगर मुख्य मार्ग पर गुरुवार को सरेआम मारपीट की घटना सामने आई है। नशे में धुत कार सवार दो युवकों ने एक बाइक चालक को कथित तौर पर कार में टक्कर मारने का आरोप लगाते हुए रोक लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवकों ने बीच सड़क पर बाइक सवार को घेरकर विवाद शुरू किया, जो देखते-ही-देखते हाथापाई में बदल गया। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घायल युवक ऑटो चालक बताया जा रहा है, जो किसी काम से टीपी नगर आया हुआ था।
ऑटो चालक को घिरा देख ऑटो संघ के पदाधिकारी और राहगीर भी मौके पर पहुंच गए। इस दौरान कार सवार युवक उनसे भी उलझ पड़े और जमकर हंगामा किया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक युवक खुद को पुलिस अधिकारी का भतीजा बताकर दबाव बनाने की कोशिश करता रहा।
घटना का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। विवाद बढ़ने पर सीएसईबी चौकी पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया।
चौकी में समझौता, कार्रवाई नहीं
पुलिस दोनों पक्षों को चौकी लेकर गई, जहां पूछताछ के बाद आपसी समझौता हो गया। समझौते के चलते किसी भी पक्ष के खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं की गई।
हालांकि स्थानीय लोगों ने नशे में हंगामा करने वाले युवकों पर कार्रवाई की मांग की है। नागरिकों का कहना है कि शहर में असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ती जा रही हैं और शराब के नशे में सरेआम विवाद की घटनाएं आम होती जा रही हैं, जिससे आम लोगों में डर का माहौल बन रहा है।

