SBI में 2.6 करोड़ की हेराफेरी: घोटाले के बाद फरार महिला कैशियर को ACB ने किया गिरफ्तार

 

बिलासपुर 27 फरवरी 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार विरोधी ब्यूरो (ACB) और आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिलासपुर जिले की बिल्हा शाखा में पदस्थ एक राष्ट्रीयकृत बैंक की निलंबित महिला अधिकारी को दो करोड़ रुपये से अधिक के गबन के आरोप में गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपी महिला कैशियर की पहचान तेजवथ थीरापतम्मा के रूप में हुई है, जो भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की बिल्हा शाखा में कैशियर के पद पर कार्यरत थी। उस पर 2,06,37,600 रुपये के गबन का आरोप है। गुरुवार को पुलिस अधिकारियों ने गिरफ्तारी की पुष्टि की।

बैंक रिकॉर्ड से की गई छेड़छाड़

अधिकारियों के अनुसार, SBI बिल्हा शाखा के प्रबंधक ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 19 दिसंबर 2024 से 2 जनवरी 2025 के बीच बैंक के रिकॉर्ड और खातों में छेड़छाड़ कर 2.06 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का गबन किया गया। शिकायत के आधार पर ACB/EOW ने तत्कालीन कैशियर तेजवथ थीरापतम्मा और अन्य कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

विभागीय जांच में भी मिले सबूत

बताया गया कि बैंक की आंतरिक विभागीय जांच में भी आर्थिक अनियमितताओं के प्रमाण मिले थे। इसके बाद थीरापतम्मा को निलंबित कर दिया गया और उसे रिजनल बिजनेस ऑफिस, जगदलपुर में अटैच किया गया था।

हालांकि जून 2025 में निलंबन के बाद उसने जगदलपुर में जॉइन नहीं किया और न ही बिल्हा शाखा में उपस्थित हुई। इसके बाद से वह लगातार अनुपस्थित चल रही थी और जांच एजेंसियों की नजर में थी।

मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तारी

ACB बिलासपुर की टीम पिछले कई दिनों से उसकी तलाश कर रही थी। गुरुवार को मुखबिर से सूचना मिली कि थीरापतम्मा गोपनीय रूप से बिल्हा स्थित SBI शाखा में आने वाली है। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है और उसे विशेष न्यायालय, बिलासपुर में पेश किया जाएगा। मामले की विस्तृत जांच जारी है और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2