कवर्धा 16 मार्च 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले के कवर्धा थाना क्षेत्र में डांस टीचर की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। 10वीं कक्षा के एक नाबालिग छात्र ने अपने डांस टीचर की चाकू से गला काटकर हत्या कर दी थी। वारदात के 56 दिनों बाद पुलिस ने आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक मृतक सत्यमदास मानिकपुरी (27) पेशे से डांस टीचर था और निजी स्कूलों में कथक सिखाने जाता था। दिसंबर 2025 में उसकी मुलाकात 10वीं के एक छात्र से हुई थी। शुरुआत में दोनों के बीच सहमति से संबंध बने, लेकिन बाद में टीचर लगातार छात्र पर संबंध बनाने का दबाव डालने लगा। इससे परेशान होकर छात्र ने उसकी हत्या की योजना बना ली।
ब्लैकमेल और दबाव से परेशान था छात्र
नाबालिग ने पूछताछ में बताया कि टीचर उसे बार-बार संबंध बनाने के लिए मजबूर करता था और उसे ब्लैकमेल भी करने लगा था। इसी कारण छात्र मानसिक रूप से परेशान हो गया और उससे छुटकारा पाने के लिए हत्या की साजिश रच दी।
सुनसान सड़क पर ले जाकर किया हमला
17 जनवरी 2026 को छात्र ने व्हाट्सएप कॉल कर टीचर को मिलने बुलाया। वह पहले से जेब में चाकू छिपाकर लाया था। दोनों स्कूटी से लालपुर नर्सरी के पीछे सुनसान सड़क पर पहुंचे। मौके पर पहुंचते ही छात्र ने चाकू से टीचर के गले पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने टीचर का मोबाइल फोन नदी में फेंक दिया और फरार हो गया।
5 हजार मोबाइल नंबर और 500 CCTV की जांच
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने करीब 5 हजार मोबाइल नंबरों का विश्लेषण किया और 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही मृतक के परिचितों समेत 100 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की गई। इसी दौरान एक युवक से पूछताछ में पता चला कि उसी ने नाबालिग की टीचर से पहचान कराई थी। इसी आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची और उसे सारंगढ़-बिलाईगढ़ से हिरासत में लिया।
इंटरनेट पर सर्च किए अपराध से बचने के तरीके
जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल की सर्च हिस्ट्री में कई संदिग्ध सर्च मिले। उसने इंटरनेट पर अपराध के बाद बचने के तरीके, मोबाइल ट्रैकिंग से बचाव, मनोविज्ञान, सेल्फ हार्म जैसे विषयों पर जानकारी खोजी थी। पुलिस ने मोबाइल की जांच गवाहों की मौजूदगी में कर पंचनामा भी तैयार किया।
नदी से बरामद हुआ मोबाइल
पुलिस ने आरोपी को घटनास्थल पर ले जाकर सीन रिक्रिएट कराया। उसकी निशानदेही पर नदी से मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल स्कूटी और खून से सने कपड़े भी जब्त किए गए हैं।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी नाबालिग को बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

