सुसाइड अपडेट: बहन के भागने से नाराज़ भाई ने फर्जी पुलिस बनकर किया कॉल, चौकी बुलाने की धमकी से डरा युवक, लगा ली फांसी

कोरबा/जांजगीर-चांपा 14 मार्च 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम वीडियो बनाकर आत्महत्या करने वाले युवक के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। शुरुआत में यह मामला पंतोरा चौकी पुलिस की प्रताड़ना से जुड़ा बताया जा रहा था, लेकिन जांच में मामला बिल्कुल उल्टा निकला। जांजगीर-चांपा पुलिस की जांच में सामने आया कि युवक को पुलिस बनकर फोन पर धमकाया गया था, जिससे वह तनाव में आकर आत्महत्या कर बैठा।

जांजगीर-चांपा जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) विजय कुमार पांडे (IPS) ने सोशल मीडिया में वायरल वीडियो को गंभीरता से लेते हुए स्वयं इस पूरे मामले की जांच कराई। जांच में पता चला कि मृतक सनत कुमार कश्यप (25 वर्ष), निवासी चोरभट्टी थाना मुलमुला जिला जांजगीर-चांपा, वर्तमान में अशोक लीलैंड वर्कशॉप ग्राम पताढ़ी थाना उरगा में रहकर काम करता था।

मृतक ने आत्महत्या से पहले बनाए गए वीडियो में पंतोरा चौकी पुलिस पर फोन कर गाली-गलौज और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। इसी कारण मामला बेहद सनसनीखेज हो गया था।

लेकिन पुलिस जांच में सामने आया कि गेवरा बस्ती कोरबा निवासी सचिन खरे (30 वर्ष) की बहन स्नेहा खरे (21 वर्ष) 12 मार्च को कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकली थी और देर रात तक घर नहीं लौटी। खोजबीन करने पर सचिन खरे को पता चला कि वह धीरेन्द्र पाटले के साथ गई है, जो उसका मामा का लड़का है।

इस बात से नाराज सचिन खरे ने अपने भाई शैलेन्द्र पाटले के मोबाइल नंबर से धीरेन्द्र पाटले के दोस्त सनत कश्यप को फोन किया और खुद को पंतोरा चौकी का पुलिसकर्मी बताकर गाली-गलौज करते हुए थाने आने की धमकी दी।

फोन पर मिली धमकी से सनत कश्यप बेहद डर और तनाव में आ गया। इसी तनाव में उसने वीडियो बनाकर अपनी बात कही और उरगा थाना क्षेत्र में आत्महत्या कर ली।

मामले का खुलासा होने के बाद जांजगीर-चांपा पुलिस ने आरोपी सचिन खरे को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। इसके बाद थाना बलौदा में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 113/26 के तहत धारा 204 बीएनएस (क्षद्म प्रतिरूपण) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

वहीं, आरोपी की बहन स्नेहा खरे की गुमशुदगी की रिपोर्ट कोरबा जिले के कुसमुंडा थाना में पहले से दर्ज है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

https://www.navchetnanewscg.com/2026/03/korba-breaking.html

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2