KORBA BREAKING: पुलिस की धमकियों से डरा युवक फांसी पर झूला, मौत से पहले मोबाइल में वीडियो बनाकर छोड़ा संदेश

 

कोरबा 13 मार्च 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले के उरगा थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। खास बात यह है कि युवक ने कोई सुसाइड नोट नहीं छोड़ा, बल्कि मरने से पहले अपने मोबाइल में एक वीडियो रिकॉर्ड कर अपनी बेगुनाही और पुलिस की कथित प्रताड़ना का जिक्र किया। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा निवासी सनत कश्यप (25) कोरबा में अशोक लीलैंड कंपनी के गैरेज में मिस्त्री के तौर पर काम करता था। शुक्रवार शाम करीब 6 बजे उसने अपने कमरे में सीलिंग फैन के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर उरगा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बताया जा रहा है कि आत्महत्या से पहले सनत ने अपने मोबाइल में एक वीडियो रिकॉर्ड किया था। वीडियो में उसने कहा कि उसके रूम पार्टनर धीरेंद्र पाटले के एक युवती को भगाने के मामले में उसका कोई संबंध नहीं है। इसके बावजूद जांजगीर-चांपा जिले की पंतोरा पुलिस चौकी से उसे फोन कर गाली-गलौज और धमकियां दी जा रही थीं, जिससे वह काफी भयभीत था।

वीडियो में सनत यह भी कहता दिखाई देता है कि उसके घर की ओर से कोई दबाव या परेशानी नहीं थी, लेकिन पुलिस की धमकियों से वह मानसिक रूप से बेहद परेशान हो गया था। उसे डर था कि पूछताछ के नाम पर उसके साथ मारपीट की जा सकती है या झूठे मामले में फंसाया जा सकता है। इसी आशंका और तनाव में उसने यह कदम उठा लिया।

मृतक चार भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का आरोप है कि पुलिस की अनावश्यक प्रताड़ना और धमकियों के कारण ही उनके बेटे ने आत्महत्या की है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल उरगा पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक इस मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2