कोरबा में अवैध कबाड़ कारोबार पर सख्ती, सुबह-सुबह चला प्रशासन का बुलडोजर

 

कोरबा 16 मार्च 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। नगर पालिक निगम कोरबा ने सोमवार सुबह शहर में अवैध कबाड़ कारोबार और अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई की शुरुआत सुबह करीब 8 बजे वार्ड राताखार बस्ती से की गई, जहां गणेश मंदिर के सामने एक कबाड़ी द्वारा किए गए बड़े अवैध निर्माण को जेसीबी मशीन से ध्वस्त कर दिया गया।

नगर निगम की तोड़ू टीम के साथ कोतवाली पुलिस और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा, ताकि किसी भी तरह के विरोध या हंगामे की स्थिति को नियंत्रित किया जा सके। इस दौरान निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, राजस्व अधिकारी और पुलिस अधिकारी भी मौके पर उपस्थित रहे। नगर निगम, जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अवैध निर्माण को धराशायी किया गया।

बताया जा रहा है कि जिस कबाड़ी के अवैध निर्माण को तोड़ा गया है, उसका मकान भी बेजा कब्जे में बना हुआ है। प्रशासन उस पर भी बुलडोजर चलाने की तैयारी कर रहा था, लेकिन मौके पर हंगामे की स्थिति बनने के कारण फिलहाल कार्रवाई को स्थगित कर दिया गया।

सूत्रों के अनुसार, जिस कबाड़ी पर कार्रवाई हुई है वह मुकेश साहू उर्फ बरबट्टी है। उसके सहित 17 लोगों को वर्षों पुराने लोहे के सरकारी पुल को काटकर बेचने के मामले में पहले ही जेल भेजा जा चुका है। उसके खिलाफ अवैध कबाड़ कारोबार से जुड़े कई मामलों में अपराध दर्ज हैं।

इस कार्रवाई के बाद शहर के अन्य कबाड़ियों में भी हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि मुड़ापार सहित अन्य क्षेत्रों में संचालित कबाड़ दुकानों पर भी नगर निगम की नजर है और वहां भी तोड़फोड़ की कार्रवाई जारी है।

जानकारी के मुताबिक जिले में अधिकांश कबाड़ दुकानें बिना वैध लाइसेंस के संचालित हो रही हैं। कबाड़ दुकानों की आड़ में चोरी का लोहा, तांबा, एल्युमिनियम और पीतल खरीदा-बेचा जा रहा है, जिसे दूसरे जिलों में खपाया जाता है।

जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने ऐसे अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि अवैध कबाड़ सहित अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर पुलिस की कड़ी निगरानी है और ऐसे मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही या संरक्षण देने वाले पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम शहर में अवैध निर्माण और कबाड़ दुकानों के खिलाफ अभियान चलाए हुए है, जिससे कबाड़ कारोबारियों में खलबली मची हुई है।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2