छत्तीसगढ़ में फिर मिला अफीम का खेत; इस जिले में लीज पर जमीन लेकर की जा रही थी अवैध अफीम की खेती

 

बलरामपुर 10 मार्च 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ में अवैध अफीम की खेती को लेकर एक और बड़ा मामला सामने आया है। दुर्ग जिले के बाद अब बलरामपुर जिले में भी अफीम की फसल मिलने से प्रशासन में हड़कंप मच गया है। मुखबिर से मिली सूचना के बाद पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के मुताबिक मामला कुसमी थाना क्षेत्र के त्रिपुरी गांव का है। यहां झारखंड के एक व्यक्ति द्वारा जमीन लीज पर लेकर अफीम की खेती किए जाने की बात सामने आई है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर फसल को नष्ट करने की कार्रवाई शुरू कर दी। साथ ही पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।

बताया जा रहा है कि गांव के सरपंच ने जनवरी महीने में ही पुलिस को इस अवैध खेती की सूचना दे दी थी, लेकिन उस समय कोई कार्रवाई नहीं हो पाई थी। अब मामला उजागर होने के बाद प्रशासन सक्रिय हो गया है और जिम्मेदार लोगों की तलाश की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध अफीम की खेती में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है। साथ ही इस बात की भी जांच की जाएगी कि क्या इस पूरे मामले का संबंध दुर्ग जिले में सामने आए मामले से जुड़ा हुआ है या नहीं।

इधर, इस मुद्दे को लेकर सियासत भी गरमा गई है। अवैध अफीम की खेती का मामला अब विधानसभा तक पहुंच गया है और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2