कोरबा 4 मार्च 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। होली के दिन शहर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सिटी कोतवाली क्षेत्र के सीतामढ़ी-इमलीडुग्गू इलाके में 4 से 5 नशे में धुत युवकों ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया। आरोपियों ने चाकू और ऑपरेशन में इस्तेमाल होने वाले सर्जिकल ब्लेड से वार कर चार लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना में परवीन कुमार बरेठ और मुकेश कुमार यादव को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि धन सिंह और मोहन ठाकुर भी हमले में घायल हुए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक युवक के सिर पर ईंट से जोरदार प्रहार किया गया। घायलों में से दो की हालत नाजुक बताई जा रही है और उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने वाले युवक मोती सागरपारा निवासी लक्की श्रीवास, नानू सागर, लव शुक्ला, गिरिराज शर्मा और राकेश हैं। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि ये युवक आदतन अपराधी प्रवृत्ति के हैं और नशे के आदी हैं।
मोहल्लेवासियों ने बताया कि सीतामढ़ी इलाके में अवैध नशे का कारोबार लंबे समय से धड़ल्ले से चल रहा है। इसी के चलते आए दिन चाकूबाजी और मारपीट की घटनाएं सामने आती रहती हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस पर सिटी कोतवाली पुलिस का प्रभावी अंकुश नहीं है, जिसके कारण ऐसी घटनाएं आम होती जा रही हैं।
घटना के बाद बड़ी संख्या में बस्तीवासी सिटी कोतवाली पहुंचे और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी तथा सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

