KORBA: हाथी के हमले में मंडी प्रभारी की मौत, पत्नी व कर्मचारी बाल-बाल बचे

 

कोरबा 5 मार्च 2026 (नवचेतना न्यूज छत्तीसगढ़)। जिले के हाथी प्रभावित क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। ग्राम कुदमुरा स्थित धान उपार्जन केंद्र में दंतैल हाथी के हमले से मंडी प्रभारी की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और दो-तीन कर्मचारी किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार आदिवासी सेवा सहकारी समिति कोरकोमा का धान उपार्जन केंद्र ग्राम कुदमुरा में संचालित है, जहां किसानों से खरीदा गया धान उठाव के अभाव में बड़ी मात्रा में रखा हुआ है। यह इलाका हाथी प्रभावित होने के कारण पहले से ही संवेदनशील माना जाता है। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से यहां धान चोरी की घटनाएं भी सामने आ रही थीं।

इसी कारण समिति के सेल्समेन राजेश कुमार सिंह (निवासी प्रेम नगर, रजगामार) को उपार्जन केंद्र का मंडी प्रभारी नियुक्त किया गया था। धान की सुरक्षा के लिए वे अपनी पत्नी और दो-तीन अन्य कर्मचारियों के साथ उपार्जन केंद्र परिसर में अस्थायी झोपड़ी बनाकर रात में वहीं ठहर रहे थे।

मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे एक दंतैल हाथी उपार्जन केंद्र में पहुंच गया। हाथी की आहट मिलते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। राजेश कुमार ने टॉर्च की रोशनी और शोर मचाकर हाथी को भगाने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान हाथी ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हमले में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के दौरान राजेश की पत्नी और अन्य कर्मचारी इधर-उधर भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर फैल गई।

इधर सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई है। वहीं पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2