कोरबा में 48 घंटे में तीन मौतें: युवती ने लगाई फांसी, होली विवाद में बुजुर्ग की मौत, कुएं में गिरने से महिला की गई जान

 

कोरबा 6 मार्च 2026 (नवचेतना न्यूज छत्तीसगढ़)। जिले में पिछले 48 घंटे के दौरान अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई। इनमें एक युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, होली के दौरान हुए विवाद में मारपीट से एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि कुएं में गिरने से एक महिला की जान चली गई। तीनों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

युवती ने घर में लगाई फांसी

पहली घटना बालको थाना क्षेत्र की है। शारदा विहार (नमन विहार) स्थित आयुष्मान हॉस्पिटल में कार्यरत 19 वर्षीय ललिता गभेल, निवासी बेलगरी बस्ती, ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

जानकारी के अनुसार होली से एक दिन पहले वह ड्यूटी से घर लौटी थी और अगले दिन परिवार के साथ होली खेली। इसके बाद वह कपड़े बदलने के बहाने अपने कमरे में चली गई और फांसी लगा ली। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों ने दरवाजा तोड़ा और उसे फंदे से उतारकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

ललिता गभेल अपने पिता जीवन गभेल की तीन संतानों में सबसे बड़ी थी। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

होली के विवाद में बुजुर्ग की मौत

दूसरी घटना बांगो थाना क्षेत्र से सामने आई है। मोरगा चौकी क्षेत्र के ग्राम अरसिया में होली खेलने के दौरान गांव के दो पड़ोसियों के बीच मामूली विवाद हो गया। विवाद के दौरान 26 वर्षीय करण यादव ने 60 वर्षीय देवी दयाल यादव के साथ मारपीट कर दी। आरोपी ने देवी दयाल के चेहरे पर मुक्का मारते हुए उन्हें धक्का दे दिया, जिससे वह दीवार से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए कटघोरा अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी करण यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

कुएं में गिरने से महिला की मौत

तीसरी घटना बालको थाना क्षेत्र के नेहरू नगर की है। गुरुवार शाम 38 वर्षीय चंदा देवी साह कुएं से पानी निकालते समय अचानक पैर फिसलने से कुएं में गिर गईं। घटना के समय उनकी दो बेटियां मौके पर मौजूद थीं।

मां को कुएं में गिरते देख दोनों बेटियां घबरा गईं और शोर मचाने लगीं। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और रस्सी व सीढ़ी की मदद से महिला को बाहर निकाला। गंभीर हालत में उन्हें बालको अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस ने इस मामले में भी मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2