CG; 12वीं बोर्ड का हिंदी पेपर रद्द, अब 10 अप्रैल को दोबारा होगी परीक्षा

 

रायपुर 23 मार्च 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ में 12वीं बोर्ड परीक्षा के हिंदी विषय का पेपर लीक होने का मामला अभी भी चर्चा में बना हुआ है। इसी बीच 14 मार्च को आयोजित हुई 12वीं बोर्ड की हिंदी परीक्षा को निरस्त कर दिया गया है। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए परीक्षा को रद्द करने के साथ नई तारीख की घोषणा भी कर दी है। जारी आदेश के अनुसार अब 12वीं कक्षा की हिंदी की परीक्षा 10 अप्रैल को दोबारा आयोजित की जाएगी।

👉 NSUI ने किया था प्रदर्शन

छत्तीसगढ़ में 12वीं बोर्ड के हिंदी पेपर लीक होने के आरोपों को लेकर प्रदेश में सियासी और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई थी। बीते दिनों एनएसयूआई (NSUI) के कार्यकर्ताओं ने छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों ने पेपर लीक होने के गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए माध्यमिक शिक्षा मंडल ने जांच के लिए पुलिस में एफआईआर (FIR) भी दर्ज करवाई है।

👉 क्या है पूरा विवाद?

एनएसयूआई और कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि 12वीं कक्षा का हिंदी का पेपर परीक्षा से पहले ही लीक हो गया था। इसी मुद्दे को लेकर बड़ी संख्या में एनएसयूआई कार्यकर्ता माध्यमिक शिक्षा मंडल कार्यालय पहुंचे और घंटों तक नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद मंडल के अधिकारी बाहर आए और छात्रों को मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। एनएसयूआई ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिनों के भीतर इस मामले में ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2