कोरबा 18 मार्च 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। हिंदू नव वर्ष के अवसर पर 19 मार्च को कोरबा शहर में भव्य, दिव्य और विशाल शोभायात्राओं का आयोजन किया जाएगा। एक शोभायात्रा हिंदू क्रांति सेना द्वारा सीतामणी से और दूसरी बजरंग दल द्वारा कोसाबाड़ी से निकाली जाएगी। दोनों शोभायात्राएं टीपी नगर क्षेत्र तक पहुंचकर संपन्न होंगी। आयोजन को देखते हुए यातायात पुलिस ने शहर के कई प्रमुख मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू किया है। दोपहर 1 बजे से रात 12 बजे तक कई मुख्य मार्गों पर आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
शोभायात्रा का रूट
सीतामणी से निकलने वाली शोभायात्रा सीतामणी से शुरू होकर पुराना बस स्टैंड, रेलवे क्रॉसिंग, पावर हाउस रोड, टीपी नगर चौक होते हुए नया बस स्टैंड में समाप्त होगी।
कोसाबाड़ी से निकलने वाली शोभायात्रा कोसाबाड़ी से शुरू होकर सुभाष चौक, घंटाघर चौक, महाराणा प्रताप चौक, जैन चौक, सीएसईबी चौक, आईसीआईसीआई बैंक के पास से होते हुए क्रोमा स्टोर टीपी नगर में समाप्त होगी।
यह रहेगा बदला हुआ रूट
यातायात एएसआई मनोज कुमार राठौर ने बताया कि पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन में यातायात व्यवस्था के लिए विशेष रूट डायवर्जन लागू किया गया है।
चांपा से आने वाले वाहन (कार, जीप, पिकअप, मेटाडोर, बस) बरबसपुर से रिसदी चौक, बालको दर्री बांध, भवानी मंदिर, राताखार होते हुए कुसमुंडा की ओर जाएंगे। कोरबा से जाने वाले वाहन दर्री डेम से बालको होते हुए बरबसपुर की ओर भेजे जाएंगे।
इन मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध
दोपहर 1 बजे से रात 12 बजे तक मेन रोड, कोसाबाड़ी से सुभाष चौक, महाराणा प्रताप चौक, सीएसईबी चौक, टीपी नगर चौक, रेलवे क्रॉसिंग, पुराना बस स्टैंड और सीतामणी मार्ग पर आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।इसी तरह कोसाबाड़ी से क्रोमा स्टोर टीपी नगर मार्ग भी बंद रहेगा।
डायवर्जन प्वाइंट
यातायात पुलिस ने निम्न स्थानों को डायवर्जन प्वाइंट बनाया है —
बरबसपुर–इमलीडुगु तिराहा, शनि मंदिर, सर्वमंगला राताखार तिराहा, अग्रसेन तिराहा, नया बस स्टैंड तिराहा, गुरुघासीदास तिराहा, जैन चौक, सुभाष चौक, एसपी ऑफिस के पास, आरटीओ तिराहा।
ये होंगे पार्किंग स्थल
शोभायात्रा में आने वाले लोगों के लिए शहर में कई पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं —
सुभाष चौक मैदान
एमपी नगर मैदान
सीएसईबी ग्राउंड
पावर हाउस रोड मल्टीस्टोरी पार्किंग के सामने मैदान
सीतामणी शनि मंदिर चौक के पास
बुधवारी सर्कस मैदान
स्टेडियम चौक पार्किंग
यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट डायवर्जन का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर सहयोग करें, ताकि शोभायात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

