रायगढ़ 20 मार्च 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले तमनार क्षेत्र के आमाघाट में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1.5 एकड़ में फैली अवैध अफीम की खेती का भंडाफोड़ किया है। आरोपियों ने इस खेती को छिपाने के लिए जमीन को तरबूज और ककड़ी की खेती के नाम पर किराए पर लिया था, ताकि किसी को संदेह न हो सके।
बताया जा रहा है कि खेत के बीचों-बीच सुनियोजित तरीके से अफीम की फसल उगाई गई थी, जबकि आसपास तरबूज और ककड़ी की खेती की गई थी। बाहर से देखने पर यह सामान्य खेती जैसी ही लग रही थी, जिससे लंबे समय तक किसी को शक नहीं हुआ।
पुलिस की टीम ने मौके पर दबिश देकर पूरी खेती को नष्ट किया और झारखंड निवासी मार्शल सांगां को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है, ताकि इस अवैध खेती से जुड़े पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
घटना की जानकारी मिलते ही रायगढ़ के एसएसपी भी मौके के लिए रवाना हो गए और पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस को आशंका है कि इस नेटवर्क में अन्य राज्यों के लोग भी शामिल हो सकते हैं।
गौरतलब है कि पिछले 15 दिनों के भीतर छत्तीसगढ़ में अवैध अफीम की खेती का यह चौथा मामला सामने आया है। इससे पहले दुर्ग और बलरामपुर जिले में भी पुलिस ने अफीम की खेती का भंडाफोड़ किया था। लगातार सामने आ रहे मामलों ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है।
जांच में यह भी सामने आया है कि अफीम की खेती करने वाले गिरोह किसानो से जमीन लीज पर लेकर खेती करते हैं और असली फसल को छिपाने के लिए सब्जी, फल या अनाज की फसल के बीच में अफीम उगा देते हैं, जिससे आसानी से पकड़ में नहीं आते।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा।

