कोरबा 20 मार्च 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। बांकी मोगरा थाना क्षेत्र में नई नवेली दुल्हन को लेकर लौट रहा एक चारपहिया वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में एक मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक लोग घायल हो गए।
कैसे हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कसरेंगा से दादर खुर्द (कोरबा) गवन (दुल्हन) लेकर लौट रहा वाहन क्रमांक CG 11 BJ 9084 दो नंबर डबरीपारा मोड़ के पास अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। बताया जा रहा है कि मोड़ पर संतुलन बिगड़ने के कारण यह हादसा हुआ।
वाहन में करीब 12 लोग सवार थे, जिनमें अधिकांश महिलाएं और बच्चे शामिल थे। हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में मदद की।
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
घटना की सूचना मिलते ही बांकी मोगरा पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। सभी घायलों को SECL अस्पताल, बांकी मोगरा में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस और प्रशासन मौके पर
हादसे की जानकारी मिलते ही दर्री CSP भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

