जनपद पंचायत कोरबा की सामान्य सभा का बहिष्कार, DMF से कोटा देने की मांग

 

0 कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, उपेक्षा का भी लगाया आरोप

कोरबा 16 मार्च 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जनपद पंचायत कोरबा के निर्वाचित सदस्यों ने अपनी उपेक्षा का आरोप लगाते हुए सोमवार को आयोजित सामान्य सभा की बैठक का बहिष्कार कर दिया। सदस्यों का कहना है कि प्रशासन द्वारा विकास कार्यों के लिए उन्हें डीएमएफ (जिला खनिज न्यास) से कोई फंड उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है, जबकि जिला पंचायत सदस्यों को इस मद से राशि दी जाती है।

सोमवार को जनपद पंचायत कोरबा में सामान्य सभा की बैठक आयोजित की गई थी, लेकिन बैठक शुरू होने से पहले ही जनपद सदस्यों ने एकजुट होकर इसका बहिष्कार कर दिया। सदस्यों ने कहा कि ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों की कार्ययोजना बनाने में भी उनसे कोई सलाह नहीं ली जाती, जिससे उनकी लगातार उपेक्षा हो रही है।

सदस्यों का कहना है कि वे जनता द्वारा चुनकर आए प्रतिनिधि हैं और क्षेत्र भ्रमण के दौरान ग्रामीण उन्हें अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों से अवगत कराते हैं। लेकिन फंड की कमी के कारण वे इन समस्याओं का समाधान नहीं कर पाते, जिससे उन्हें क्षेत्र में असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है। कई बार जनभावनाओं के अनुरूप कार्य नहीं हो पाने पर उन्हें क्षेत्रवासियों के बीच अपमानित भी होना पड़ता है।

इस संबंध में जनपद पंचायत सदस्यों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों के लिए जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से जनपद सदस्यों को भी राशि आवंटित की जाए और उनके अनुशंसा के आधार पर विकास कार्यों को स्वीकृति दी जाए।

सदस्यों ने यह भी आरोप लगाया कि विभिन्न विकास कार्यों के भूमि पूजन कार्यक्रमों में भी उन्हें आमंत्रित नहीं किया जाता, जो जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा को दर्शाता है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगों और समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता, तब तक वे सामान्य सभा का बहिष्कार जारी रखेंगे।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2