कोरबा 23 मार्च 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले के हरदी बाजार ग्राम पंचायत में ग्रामीणों ने आगामी 27 मार्च को प्रस्तावित डीआरआरसी (DRRC) बैठक का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। यह फैसला रविवार शाम ग्राम पंचायत भवन में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया, जिसकी अध्यक्षता सरपंच लोकेश्वर कंवर ने की।
ग्रामीणों का कहना है कि वर्ष 2004 और 2010 में हुए भूमि अधिग्रहण से संबंधित उनकी पुरानी मांगें अब तक पूरी नहीं की गई हैं। ऐसे में वे वर्ष 2025 के लिए प्रस्तावित नए डीआरआरसी सर्वे में शामिल नहीं होंगे। ग्रामीणों के अनुसार अधिग्रहण के दौरान सर्वे और नापी का कार्य लगभग पूरा हो चुका था, लेकिन अब तक मकान मालिकों को मुआवजा राशि, रोजगार, पुनर्वास (बसाहट) और परिसंपत्तियों की सूची उपलब्ध नहीं कराई गई है।
बैठक में सरपंच लोकेश्वर कंवर, पूर्व विधायक पुरुषोत्तम कंवर, पूर्व जनपद सदस्य अनिल टंडन, नरेश टंडन और रमेश अहीर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने इस दौरान अपनी समस्याएं रखते हुए प्रशासन के प्रति नाराजगी जताई।
सरपंच लोकेश्वर कंवर ने बताया कि 27 मार्च को कलेक्टोरेट में डीआरआरसी बैठक आयोजित होने की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से मिली है, हालांकि अभी तक कोई आधिकारिक लिखित आदेश प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि ग्राम सभा में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि जब तक पुरानी मांगों का निराकरण नहीं किया जाता, तब तक कोई भी ग्रामीण बैठक में शामिल नहीं होगा।

