कोरबा 23 मार्च 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले के कटघोरा स्थित व्यस्ततम तहसील चौक पर सोमवार दोपहर एक तेज रफ्तार एंबुलेंस और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक और युवती सड़क पर दूर जा गिरे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना इतनी तेज थी कि टक्कर के बाद दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने संवेदनशीलता दिखाते हुए भीड़ को हटाया और जिस एंबुलेंस से दुर्घटना हुई थी, उसी एंबुलेंस के माध्यम से दोनों घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल युवक-युवती कुसमुंडा क्षेत्र की कांग्रेस पार्षद गीता गवेल के पुत्र और पुत्री बताए जा रहे हैं। दोनों को कटघोरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फिलहाल समाचार लिखे जाने तक इस मामले में थाना में किसी प्रकार की शिकायत या रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।

